प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-02-2026
PM Modi launches nationwide HPV vaccination drive from Ajmer, Rajasthan
PM Modi launches nationwide HPV vaccination drive from Ajmer, Rajasthan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 वर्ष आयु की लड़कियों के लिए राष्ट्रव्यापी ‘ह्यूमन पैपिलोमावायरस’ (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत शनिवार को अजमेर में की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मोदी ने अजमेर के कायड़ में आयोजित कार्यक्रम में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर कई बच्चियों को टीके लगाए गए। मोदी ने इन लड़कियों से संवाद भी किया।
 
अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के दौरान टीके के रूप में ‘गार्डासिल 4’ नामक एक ‘क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन’ का इस्तेमाल किया जाएगा। यह इंजेक्शन सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) का कारण बनने वाले एचपीवी टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करता है। इसके साथ ही यह टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा प्रदान करता है।
 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 25 फरवरी को सभी राज्यों को भेजे गए एक आधिकारिक पत्र में कहा है, ‘‘देश भर में 14 वर्ष की उम्र की सभी लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों (आयुष्मान आरोग्य मंदिर-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-जिला/जिला अस्पताल और सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल) में ‘गार्डासिल 4’ के टीके लगाए जाएंगे।’’