February 26: India avenged Pulwama by destroying terrorist hideouts in Pakistan.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कहने को तो फरवरी का महीना साल का सबसे छोटा महीना है, लेकिन यह बहुत बड़ी-बड़ी घटनाओं के साथ इतिहास में दर्ज है। 26 फरवरी की बात करें तो 2019 की एक घटना सबके जहन में ताजा होगी, जब भारतीय वायु सेना के विमानों ने नियंत्रण रेखा को पार कर पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया था।
इससे पहले 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में भारतीय सुरक्षाकर्मियों पर किए गए आत्मघाती बम हमले ने पूरे देश का सीना छलनी कर दिया था। हमले में केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल के 40 जवानों की मौत हुई और पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। दो सप्ताह बाद बाद 26 फरवरी 2019 की रात को भारतीय वायु सेना के 12 मिराज-2000 फाइटर जेट नियंत्रण रेखा पार कर पाकिस्तान की सीमा में दाखिल हुए और बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। बाद में इसे बालाकोट एयर स्ट्राइक के नाम से जाना गया
छब्बीस फरवरी की तारीख एक अन्य बड़ी घटना की भी साक्षी रही है। दरअसल 26 फरवरी 1857 को बंगाल में अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह की पहली चिंगारी भड़की थी, जो देखते-देखते एक जन आक्रोश की ज्वाला में बदल गई। इसे देश में अंग्रेजों के खिलाफ पहली जनक्रांति कहा जाता है।
26 फरवरी 1993 को आतंकवादियों ने अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के भूमिगत गैराज में बम विस्फोट किए थे। इस हमले में छह लोगों की जान चली गई और एक हजार से ज्यादा घायल हो गए थे। इस हमले से इमारत की नींव कमजोर हो गई थी, जिसकी बाद में मरम्मत की गई। फिर 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमले में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टॉवर ध्वस्त हो गए थे।
दिल की रगों को चीरते दर्द, इश्क में डूबी उदास शामों और मुहब्बत की रूबाइयों को अपनी मखमली, लरजती आवाज का सहारा देने वाले, पद्मश्री और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित मशहूर गजल गायक पंकज उधास का 26 फरवरी 2024 को मुंबई में 72 साल की उम्र में निधन हो गया। ।
‘चांदी जैसा रंग है तेरा’, ‘इक तरफ उसका घर’ ‘चिट्ठी आई है’ , ‘आहिस्ता कीजिए बातें’ और ‘जियें तो जियें कैसे’ जैसे लोकप्रिय फिल्मी गीतों तथा मशहूर गजलों से अपने चाहने वालों के दिलों में उतरने वाले पंकज उधास ने ‘दयावान’, 'नाम', 'साजन' और 'मोहरा' सहित कई हिंदी फिल्मों में पार्श्व गायक के रूप में भी अपनी पहचान बनाई थी।
देश दुनिया के इतिहास में 26 फरवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
320 : चंद्रगुप्त प्रथम को पाटलिपुत्र का शासक बनाया गया।
1857 : पश्चिम बंगाल के बहरामपुर में आजादी के दीवानों ने अंग्रेजों के खिलाफ पहले सैन्य विद्रोह की शुरूआत की।
1958 : पियाली बरूआ और दीवान मणिराम दत्ता को असम के शाही परिवार को फिर से गद्दी पर बिठाने के प्रयासों के कारण फांसी पर लटका दिया गया।
1966 : स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर का निधन।
1972 : वर्धा के निकट आरवी में बनाए गए विक्रम अर्थ सैटेलाइट स्टेशन को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति वीवी गिरि ने देश को समर्पित किया।
1975 : गुजरात के अहमदाबाद में देश का पहला पतंग संग्रहालय ‘शंकर केन्द्र’ स्थापित किया गया।
1967 : सोवियत संघ ने पूर्वी कजाखस्तान में भूमिगत परमाणु परीक्षण किया।
1976 : अमेरिका ने नेवादा परीक्षण स्थल पर परमाणु परीक्षण किया।
1991 : तकरीबन सात महीने तक कुवैत पर कब्जे के बाद इराकी फौजों को अमेरिका और सहयोगी देशों की सेना ने कुवैत से खदेड़कर बाहर किया। सद्दाम हुसैन ने इराकी रेडियो पर कुवैत से अपने सैनिकों की वापसी की घोषणा की।
1993 : न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर बम हमले में छह लोग मारे गए और 100 से ज्यादा घायल हुए। इस हमले ने अमेरिका के लोगों को हैरान कर दिया, क्योंकि महाशक्ति पर यह इस तरह का पहला हमला था।
2011 : अल्जीरिया के राष्ट्रपति ने अरब देशों की बदलती राजनीतिक स्थिति के कारण देश में 19 साल पहले लगाए गए आपातकाल को आधिकारिक रूप से समाप्त किया।
2014 : नौसेना की पनडुब्बी आईएनएस सिंधुरत्न में आग लगने से दो अधिकारियों की मौत। भारत के तत्कालीन नौसेना प्रमुख एडमिरल डीके जोशी ने इस्तीफा दिया।
2019 : भारतीय वायु सेना ने पुलवामा हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान स्थित आतंकी शिविरों को निशाना बनाया।
2022 : रूस के हमले के बाद भारतीय नागरिकों, मुख्य रूप से छात्रों को भारत सरकार की लागत पर यूक्रेन से सुरक्षित निकालने के लिए इसके पड़ोसी देशों रोमानिया, पोलैंड, हंगरी और स्लोवाकिया के माध्यम से 26 फरवरी 2022 को ऑपरेशन गंगा की घोषणा की गई थी। यूक्रेन से निकले 219 भारतीयों को लेकर एअर इंडिया का पहला विमान रोमानिया के बुखारेस्ट होते हुए भारत आया और मुंबई हवाई अड्डे पर उतरा।
2023 : इतालवी तट के पास समुद्र में नौका टूटी, 30 से अधिक प्रवासियों के शव बरामद, 58 बचाए गये।
2024 : प्रसिद्ध गजल गायक पंकज उधास का 72 वर्ष की उम्र में मुंबई में निधन।
2025 : पूर्वी थाईलैंड में बस दुर्घटना में 18 लोगों की मौत।