Odisha Rajya Sabha elections: Battle for fourth seat looms large, Congress suspects horse-trading
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आगामी राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच ओडिशा में कांग्रेस ने चौथी सीट को लेकर ‘‘खरीद-फरोख्त’’ की आशंका जताई है, जिस पर जीत के लिए न तो सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और न ही विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) के पास पर्याप्त संख्या बल है।
भाजपा दो सीटें जीतने की स्थिति में है, जबकि विपक्षी बीजद एक सीट हासिल करने को लेकर आश्वस्त है। चौथी सीट के लिए दलों ने राजनीतिक दांव-पेच तेज कर दिए हैं।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, “राजनीति में खरीद-फरोख्त बंद होनी चाहिए। राज्यसभा चुनाव में किसी तरह की खरीद-फरोख्त नहीं होनी चाहिए।”
दास राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी आलाकमान से चर्चा के लिए नयी दिल्ली रवाना हो चुके हैं।
विस्तार से पूछे जाने पर दास ने कहा कि भाजपा राज्य में सत्ता में है और उसके नेता अक्सर दावा करते हैं कि पार्टी चार में से तीन सीटें जीतेगी।
उन्होंने आरोप लगाया, “सत्ता में होने के कारण भाजपा के लोग कुछ भी कर सकते हैं। वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।”