आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीट के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ और दोपहर दो बजे तक 40.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इन सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
इन चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर दो बजे तक बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सर्वाधिक 59.17 प्रतिशत, वाराणसी खंड शिक्षक में 57.97 और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 56.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 26.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
ये चुनाव 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले हो रहे हैं और इन्हें दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल माना जा रहा है। चुनाव प्रचार बृहस्पतिवार शाम समाप्त हुआ था।
लखनऊ में मतदान के लिए 259 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,16,491 पंजीकृत मतदाता वोट डालने के पात्र हैं।
मतदान शाम चार बजे तक जारी रहेगा। इन चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के बजाय मतपत्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है।