आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
संसद की एक स्थायी समिति ने दिल्ली में यातायात प्रवाह और सड़क सुरक्षा में सुधार के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित यातायात प्रणालियों और अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने की सिफारिश करते हुए कहा है कि उल्लंघनकर्ताओं से वसूले गए जुर्माने का एक हिस्सा सड़क सुरक्षा पहलों के लिए अलग रखा जाए।
संसद के दोनों सदनों में मंगलवार प्रस्तुत की गई रिपोर्ट में, गृह मंत्रालय की स्थायी संसदीय समिति ने कहा कि दिल्ली को यातायात निगरानी और प्रबंधन के लिए उन्नत तकनीकों के उपयोग का विस्तार करना चाहिए।
राज्यसभा सदस्य राधा मोहन दास अग्रवाल की अध्यक्षता वाली इस समिति ने सुझाव दिया है कि वास्तविक समय में यातायात निगरानी और प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए उन्नत यातायात प्रणालियों में और निवेश किया जाए।
समिति ने दिल्ली यातायात पुलिस को सुझाव दिया कि वे अंतरराष्ट्रीय सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाएं, जहां सेंसर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का व्यापक उपयोग करके यातायात प्रवाह को नियंत्रित किया जाता है।
रिपोर्ट में कहा गया कि यातायात उल्लंघनकर्ताओं से वसूले गए चालान की राशि के उपयोग को लेकर स्पष्टता आवश्यक है और कुछ राजस्व सड़क सुरक्षा और यातायात अवसंरचना सुधार में लगाया जाना चाहिए।