मानसून की दस्तक के साथ मुंबई में 200 मिमी से अधिक बारिश, ट्रेन सेवाएं प्रभावित

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-06-2026
Over 200 mm of rain lashes Mumbai as monsoon arrives, train services affected
Over 200 mm of rain lashes Mumbai as monsoon arrives, train services affected

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 मुंबई में मंगलवार को रातभर हुई भारी बारिश के कारण बुधवार सुबह उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, निचले इलाकों में पानी भर गया और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में महानगर के कुछ हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में मुंबई और उसके उपनगरों में गरज एवं बिजली चमकने के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
 
नगर निकाय के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में द्वीप शहर में औसतन 195 मिलीमीटर, पश्चिमी उपनगरों में 208 मिलीमीटर और पूर्वी उपनगरों में 167 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
 
दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य आगमन तिथि से 13 दिन की देरी से मंगलवार को मुंबई पहुंचा जिससे शहर और उपनगरों में व्यापक पैमाने पर बारिश हुई तथा भीषण गर्मी से राहत मिली।
 
हालांकि, रातभर हुई बारिश के कारण बुधवार सुबह तक शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया जिससे यातायात प्रभावित हुआ और हजारों लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।