आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल भारतीय संविधान के ‘‘सामूहिक रक्षक’’ हैं तथा वे मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि लोकतंत्र को नष्ट करने वालों को सजा जरूर मिले।
उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के बाद यह उम्मीद भी जताई कि विपक्षी दल आने वाले कुछ महीनों में देश में महत्वपूर्ण बदलाव लाएंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘विपक्ष इस बात को देश की जनता तक पहुंचाने में काफी हद तक सफल रहा है कि चुनाव चोरी किए जा रहे हैं...प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीईसी ज्ञानेश कुमार ने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किया है।’’
उनका कहना था, ‘‘हम इसे चुपचाप स्वीकार नहीं करने वाले हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे और यह इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता भी है कि जिन लोगों ने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किया है, उन्हें सजा मिले। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने वरिष्ठ हैं या वे कौन हैं। भारतीय लोकतंत्र इस देश के प्रत्येक व्यक्ति से बड़ा है।’’