Opposition not deviating from its goal, has stuck to its demands from the beginning: Kharge
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
संसद में जारी गतिरोध के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को कहा कि विपक्ष अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हट रहा और शुरुआत से ही उसका रुख एक समान रहा है तथा वह अपनी मांगों पर कायम है।
उन्होंने कहा कि उसकी प्रमुख मांगों में एक यह भी है कि दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस की कथित बर्बरता पर गृह मंत्री अमित शाह सदन में बयान दें।
खरगे ने यह भी कहा कि झारखंड में छात्रों का प्रदर्शन ‘‘अलग मुद्दा’’ है। उन्होंने सवाल किया कि क्या हर मुद्दे को एक ही दिन में उठाया जा सकता है।
उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम अपने लक्ष्य से नहीं हट रहे हैं। शुरुआत से ही हमारा रुख एक समान रहा है और हमारे तीन स्पष्ट मुद्दे हैं। पहला मुद्दा छात्रों पर लाठीचार्ज और गोलीबारी से जुड़ा है। हम जानना चाहते हैं कि इसके आदेश किसने दिए और यह कैसे हुआ। हम सदन में इस संबंध में बयान चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लाठीचार्ज के परिणामस्वरूप कई छात्र चोटिल हुए या अस्पताल में भर्ती हुए। 100 से अधिक छात्रों को मामूली चोटें आईं और कई छात्र पैलेट गन से घायल हुए। हम इस मामले में भी बयान चाहते हैं। 18 दिन हो गए हैं, लेकिन बयान देने की कोई इच्छा नहीं दिखाई जा रही है।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘वह (शाह) केवल जल्दबाजी में बयान देकर आगे बढ़ना चाहते हैं, उनका यही इरादा है।’’
उन्होंने कहा कि दूसरा मुद्दा ‘‘चंदा चोरी का है और तीसरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के माफी मांगने का है।’’
खरगे ने कहा, ‘‘ये तीनों मुद्दे शुरुआत से उठाए गए हैं, अभी भी प्रासंगिक हैं और जब तक इनका समाधान नहीं होता, तब तक बने रहेंगे।’’
झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर खरगे ने कहा, ‘‘यह अलग मुद्दा है। सैकड़ों मुद्दे हैं, क्या उन पर अलग-अलग चर्चा नहीं होती? क्या हम हर एक मुद्दे को उसी दिन उठाएं?’’