NDA MPs criticise Rahul Gandhi over police action against protesters in Jharkhand
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों पर रांची में पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
भाजपा ने झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर संसद में चर्चा से ‘‘भागने’’ के लिए भी राहुल गांधी की आलोचना की।
झारखंड में कांग्रेस सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है।
केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों ने झारखंड में नौकरी के आकांक्षी अभ्यर्थियों पर कथित पुलिस कार्रवाई और इस मुद्दे पर राहुल गांधी के रुख के खिलाफ संसद के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। राजग सांसदों ने संसद पुस्तकालय से मुख्य प्रवेश द्वार 'मकर द्वार' तक मार्च किया तथा ‘‘राहुल गांधी जवाब दो’’ और ‘‘राहुल गांधी भागो मत’’ जैसे नारे लगाए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी से पुलिस की कथित कार्रवाई पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।
पात्रा ने सवाल किया, ‘‘राहुल गांधी, क्या आपकी पार्टी झारखंड सरकार का हिस्सा नहीं है? क्या यह सच नहीं है कि सोमवार को झारखंड में बर्बरतापूर्ण दृश्य देखने को मिले? जिस तरह बच्चों पर लाठियां चलाई गईं, छात्रों और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया और पुलिस ने उनपर बर्बरता की -- इसके लिए कौन जिम्मेदार है?’’