राष्ट्रीय खेल दिवस पर देशभर में गूंजा ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ का संदेश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-08-2026
On National Sports Day, the message of 'One Hour in the Playground' resonated across the country.
On National Sports Day, the message of 'One Hour in the Playground' resonated across the country.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत ने शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया और इस मौके पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लोगों, खासकर युवाओं से मजबूत राष्ट्र के निर्माण और खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हर दिन कम से कम एक घंटा खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए देने की अपील की।

राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। उनके शानदार गोल करने की क्षमता की बदौलत भारत ने आजादी से पहले के दौर में लगातार तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक जीते थे।
 
इस मौके पर मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें मांडविया और केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हॉकी के इस महान खिलाड़ी को श्रद्धांजलि दी।
 
समारोह का मुख्य आकर्षण देशभर में चलाया गया ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान रहा। इसका उद्देश्य लोगों, विशेषकर युवाओं को हर दिन कम से कम एक घंटा खेल और शारीरिक गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
 
सैकड़ों लोगों ने समारोह में हिस्सा लिया और विभिन्न खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में भाग लिया।
 
मांडविया ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जा रही मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती पर ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसका उद्देश्य ‘फिट इंडिया’ अभियान को बढ़ावा देना है। ’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘देशभर में लाखों युवा हर गली और हर मैदान में एक घंटा खेलने के लिए सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है और एक नया भारत बनाया जा रहा है। ’’