आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि किसी भी बाढ़ पीड़ित को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
बलिया में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद उन्होंने राहत सामग्री वितरित की। इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘‘मैं बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए आ रहा हूं। बांसडीह, बलिया और बैरिया क्षेत्रों में जहां कटान और जलप्लावन से गांव प्रभावित हैं, उनका निरीक्षण कर आपके बीच आया हूं।"
योगी ने कहा, ''हम लगातार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के संपर्क में हैं और वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी बाढ़ पीड़ित को समस्या न हो।''
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में अधिक बारिश के कारण प्रदेश के 26 जिलों में कम या ज्यादा बाढ़ आई है। इससे एक लाख 71 हजार से अधिक लोग और 251 गांव प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत कार्यों में तेजी लाई गई है। अब तक एक हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित बाढ़ शरणालयों में रखा गया है और 447 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। हर जिले में राहत केंद्र बनाए गए हैं, जहां भोजन और राहत किट वितरित की जा रही है।