आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को मंत्रियों को जारी विकास कार्यों में तेजी लाने, जन शिकायतों के निवारण की व्यवस्था मजबूत करने और सर्दियों के मद्देनजर पर्याप्त तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उमर ने यहां सिविल सचिवालय में एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें प्रशासनिक कामकाज और विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं का जायजा लिया गया।
‘दरबार मूव’ के बाद सरकारी कार्यालय दोबारा खुले। इसके तुरंत बाद यह बैठक बुलाई गई थी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि बैठक के दौरान उमर ने नवनियुक्त मंत्रियों को अपने-अपने विभागों के कामकाज की तत्काल समीक्षा करने, जारी विकास परियोजनाओं में तेजी लाने और लोगों की शिकायतों के निवारण को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने, सर्दियों के लिए पर्याप्त तैयारियां करने और विशेष रूप से दूरदराज के इलाकों में आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उमर ने समयबद्ध और जनहित को ध्यान में रखकर बजट तैयार करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।