Odisha minister refutes claims of BJP leaders from the state throwing a 'feast' in Delhi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओडिशा के मंत्री सुरेश पुजारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नवीन पटनायक के तंज का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ के साथ महानदी जल विवाद का समाधान निकालने की कोशिश कर ‘‘राजधर्म’’ निभा रहे थे।
विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘क्या ओडिशा में बाढ़ की तबाही के बीच राज्य के भाजपा नेता दिल्ली में दावत उड़ा रहे हैं? एक ओर जहां लगातार भारी बारिश के कारण पूरा राज्य बाढ़ से प्रभावित है, वहीं मुख्यमंत्री और भाजपा के बड़े नेता एवं सांसद इस समय दिल्ली में हैं।’’
माझी बृहस्पतिवार को दिल्ली में थे, जहां उन्होंने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में महानदी जल बंटवारा और प्रबंधन पर हुई एक उच्च-स्तरीय बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए।
ओडिशा में घनी आबादी वाले तटीय क्षेत्रों में बाढ़ के कारण ‘हाई अलर्ट’ होने के बावजूद माझी के गैर-मौजूद रहने को भुनाने की कोशिश करते हुए विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार पर इस आपदा से निपटने में गंभीरता न दिखाने का आरोप लगाया था।
पटनायक के तंज पर पलटवार करते हुए, राज्य के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि सरकार की आलोचना करने से पहले उन्हें जमीनी हालात को समझना चाहिए।