ओडिशा के मुख्यमंत्री माझी और वैष्णव ने पुरी-कोरापुट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-07-2026
Odisha Chief Minister Majhi and Vaishnav flagged off the Puri-Koraput Express.
Odisha Chief Minister Majhi and Vaishnav flagged off the Puri-Koraput Express.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को पुरी और कोरापुट के बीच नयी एक्सप्रेस रेल सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
 
पुरी में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना, सांसद, विधायक और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री माझी ने इस रेल सेवा की शुरुआत को राज्य के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा, ‘‘आज पुरी और पूरे ओडिशा के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि श्रीक्षेत्र पुरी से सबर श्रीक्षेत्र कोरापुट के बीच नयी रेल सेवा शुरू हुई है।’’ उन्होंने इस सेवा की शुरुआत के लिए वैष्णव का आभार भी व्यक्त किया।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पुरी रेलवे स्टेशन का 184 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है।
 
क्योंझर जिले से आने वाले माझी ने उत्तर ओडिशा से भी इसी प्रकार की रेल सेवा शुरू करने का अनुरोध किया। इस पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए रेल मंत्री ने घोषणा की कि उत्तर ओडिशा को पुरी से जोड़ने वाली नयी रेल सेवा जल्द शुरू की जाएगी।
 
सभा को संबोधित करते हुए वैष्णव ने कहा कि तटीय ओडिशा को राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों से दिन के समय जोड़ने वाली रेल सेवा की लंबे समय से मांग की जा रही थी।