आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नुवामा और कुशमैन एंड वेकफील्ड के संयुक्त उद्यम रियल एस्टेट कोष एनसीडब्ल्यू ने निवेशकों से करीब 4,000 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस पूंजी का 45 प्रतिशत हिस्सा प्रमुख शहरों में कार्यालय परिसंपत्तियों में निवेश किया जा जाएगा।
नुवामा एंड कुशमैन एंड वेकफील्ड मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड (एनसीडब्ल्यू), नुवामा एसेट मैनेजमेंट और कुशमैन एंड वेकफील्ड का बराबर हिस्सेदारी वाला संयुक्त उद्यम है।
एनसीडब्ल्यू ने बुधवार को बयान में अपने ‘प्राइम ऑफिसेज फंड’ के लगभग 4,000 करोड़ रुपये पर अंतिम समापन (फाइनल क्लोज) की जानकारी दी।
भारत में संस्थागत गुणवत्ता वाली वाणिज्यिक कार्यालय परिसंपत्तियों तक भारतीय निवेशकों की पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस कोष का शुरुआती लक्ष्य 3,000 करोड़ रुपये का कोष जुटाना था।
भारत के कार्यालय बाजारों में निवेशकों की मजबूत मांग और बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश को देखते हुए एनसीडब्ल्यू ने कोष का आकार बढ़ाने का फैसला किया।
कोष पहले ही अपनी कुल पूंजी का लगभग 45 प्रतिशत निवेश के लिए प्रतिबद्ध कर चुका है।
एनसीडब्ल्यू के मुख्य निवेश अधिकारी गौरव पुरी ने कहा, ‘‘ प्राइम फंड का सफल समापन भारत के कार्यालय क्षेत्र और हमारी निवेश रणनीति, दोनों में भरोसे को दर्शाता है।’’