आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती शहर तिमुरे में बुधवार को अचानक आई बाढ़ के बाद अपनों को खो चुके गिरी लाल के पास अब सिर्फ उनकी पत्नी और बच्चों की यादें ही बची रह गई हैं।
आपदा की चपेट में आए पीड़ितों में 38 वर्षीय गिरी लाल भी शामिल हैं। आपदाइतनी तेजी से आई कि पल भर में विनाश का मंजर छा गया और घटना के गवाह रहे लोगों को ऐसा लगा मानो भूकंप आ गया हो।
इस अचानक आई बाढ़ में लाल का पूरा परिवार— उनकी पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां बह गए।
स्थानीय कचरा प्रबंधन कार्यालय के लिए ट्रक चलाने वाले लाल का अब तिमुरे से करीब 160 किलोमीटर दूर काठमांडू के सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 270 हो गई। हाल के वर्षों में यह सबसे बड़ी आपदाओं में से एक मानी जा रही है और बचावकर्मी इस आपदा में लापता हुए सैकड़ों लोगों को तलाश करने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।