नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं : योगी आदित्यनाथ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-10-2026
No one is above the law in new Uttar Pradesh: Yogi Adityanath
No one is above the law in new Uttar Pradesh: Yogi Adityanath

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि ‘‘नए उत्तर प्रदेश’’ में कानून से ऊपर कोई नहीं है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मिली स्वतंत्रता के कारण प्रदेश ‘उपद्रव से उत्सव का प्रदेश’ बन पाया है।

योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा कर कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को नमन किया।
 
मुख्यमंत्री ने कहा, “आज पुलिस स्मृति दिवस पर मैं उन सभी वीर पुलिसकर्मियों को कृतज्ञतापूर्वक नमन करता हूं, जिन्होंने देश की सुरक्षा, समाज की शांति और नागरिकों के जीवन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर पुलिसकर्मियों का शौर्य, साहस और समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
 
उन्होंने कहा, ‘‘2017 से पहले प्रदेश में माफिया का राज था। उस समय अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद थे कि मथुरा के जवाहर बाग में कानून की रक्षा करते हुए वीर पुलिस अधिकारियों को अपने प्राणों का बलिदान देना पड़ा।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नए उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। प्रदेश उपद्रव से उत्सव का प्रदेश बना है और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की स्वतंत्रता मिली है।’’
 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती, प्रशिक्षण क्षमता में 10 गुना वृद्धि, सात बड़े शहरों में पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू करने, प्रत्येक जिले में साइबर थाने और हर थाने में महिला सहायता कक्ष स्थापित करने से पुलिस व्यवस्था अधिक सक्षम, आधुनिक और जवाबदेह बनी है।