Rajasthan: National conference on respiratory diseases 'NEPCON-2026' to be held in Jaipur from October 22
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
श्वसन रोगों के निदान, उपचार और रोकथाम से जुड़े नवीनतम शोध तथा चिकित्सा तकनीकों पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय सम्मेलन ‘नेपकोन-2026’ का आयोजन राजस्थान के जयपुर में 22 से 25 अक्टूबर तक किया जाएगा।
आयोजकों ने बुधवार को बताया कि सम्मेलन में देश-विदेश के दो हजार से अधिक विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे और 500 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। ‘नेशनल कॉलेज ऑफ चेस्ट फिजिशियंस’ और इंडियन चेस्ट सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इस चार दिवसीय सम्मेलन में फेफड़ों के संक्रमण, अस्थमा, एलर्जी, फेफड़ों के कैंसर, गहन चिकित्सा और वायु प्रदूषण से जुड़े श्वसन रोगों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन के आयोजन सचिव और आरयूएचएस कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज के श्वसन चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. विनोद जोशी ने कहा कि इसका उद्देश्य साक्ष्य-आधारित चिकित्सा को बढ़ावा देना और श्वसन रोगों की समय पर पहचान, सटीक निदान तथा नियमित उपचार के महत्व को रेखांकित करना है।
आयोजन सचिव डॉ. रमाकांत दीक्षित ने बताया कि सम्मेलन में आधुनिक श्वसन नली जांच, अंतःश्वसनी अल्ट्रासाउंड और छाती की दूरबीन से जांच जैसी तकनीकों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।