आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को 2025 से 2028 तक की अवधि के लिए अपनी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) के सदस्यता अभियान की शुरुआत की।
अभियान की शुरुआत यहां कुमार के पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के साथ हुई, जिसके बाद जद (यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, वरिष्ठ नेता वशिष्ठ नारायण सिंह और बिहार प्रदेश इकाई के अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित अन्य ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
झा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह स्वाभाविक ही था कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने सबसे पहले सदस्यता ग्रहण की। इस बार हमने एक करोड़ का लक्ष्य रखा है, जो पिछले सदस्यता अभियान के लक्ष्य से अधिक है।"
उन्होंने बताया कि नवनिर्वाचित विधायकों और पार्टी के अन्य नेताओं ने नीतीश कुमार को 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में अपना नाम दर्ज कराने पर बधाई दी है।
सिंह ने कहा, ‘‘सदस्यता अभियान निश्चित रूप से सफल होगा और पार्टी मज़बूत होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जनता द्वारा दिए गए अभूतपूर्व जनादेश ने पार्टी सदस्यों में नयी ऊर्जा भर दी है। उनमें खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस तरह से राज्य का शासन चलाया है, वह अनुकरणीय और अद्वितीय है।"