Nishad community celebrated 13th Sankalp Diwas, pledged empowerment and development
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
निरबल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के 13वें संकल्प दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित डॉ. बी.आर. आंबेडकर ऑडिटोरियम में भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में निषाद समुदाय की सामाजिक, राजनीतिक और विकासात्मक भूमिका को मजबूती से रेखांकित किया गया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और गणमान्य नेता इस आयोजन में शामिल हुए।
कार्यक्रम में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अपने संबोधन में वर्ष 2013 में श्रृंगवेरपुर धाम से लिए गए संकल्प को याद किया। उन्होंने कहा कि निषाद समाज केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि सरकार बनाने और नीतियों को दिशा देने वाली ताकत है। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, ब्लू रिवोल्यूशन और मछुआरों के लिए चलाई जा रही बीमा व ऋण योजनाओं को ऐतिहासिक बताया।
डॉ. संजय निषाद ने उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषाद राज नाव योजना, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और मछुआरा कल्याण कोष का भी उल्लेख किया, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा राहत में समुदाय को सहायता मिल रही है।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि निषाद पार्टी ने समाज को पारंपरिक पेशों से आगे बढ़ाकर नेतृत्व की भूमिका में पहुंचाया है। वहीं शिवसेना (शिंदे गुट) के समन्वयक अभिषेक वर्मा ने निषाद समाज को राम राज्य की अवधारणा से जोड़ा और महाराष्ट्र में पार्टी के विस्तार का आह्वान किया।