आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्गों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
एनएचएआई ने बुधवार को बयान में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और अनियंत्रित गतिविधियां सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए गंभीर जोखिम पैदा करती हैं और यातायात तथा सुरक्षा को प्रभावित करती हैं।
इन समस्याओं के समाधान के लिए एनएचएआई ने विभिन्न राज्यों में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के 595 संवेदनशील स्थलों की पहचान की है।
प्राधिकरण राज्य सरकारों, जिला प्रशासन और प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर इन अवैध पार्किंग स्थलों को हटाने के लिए काम कर रहा है।
इसके अलावा, एनएचएआई ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों को एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) की सभी इकाइयों का तत्काल ऑडिट करने का निर्देश दिया है।