दिल्ली में जाम घटाने को 38 नए पार्किंग स्थल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-07-2026
38 new parking spaces to ease traffic congestion in Delhi
38 new parking spaces to ease traffic congestion in Delhi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने 6,100 से अधिक वाहनों की संयुक्त क्षमता वाले 38 नए पार्किंग स्थलों की पहचान की है। इसके साथ ही निगम के अधिकार क्षेत्र में अधिकृत पार्किंग स्थलों की कुल संख्या बढ़कर 445 हो जाएगी।
 
अधिकारियों ने बताया कि नए पार्किंग स्थलों को जोड़ने का उद्देश्य राजधानी के व्यस्त व्यावसायिक और रिहायशी क्षेत्रों में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराना तथा सड़कों पर लगने वाले जाम को कम करना है।
 
अधिकारियों के अनुसार, एमसीडी अपने 12 जोन में 408 पार्किंग स्थलों का संचालन करता है, जिनकी कुल क्षमता 84,000 से अधिक वाहनों की है।
 
इनमें लगभग 52,000 चार पहिया वाहनों, 30,000 दुपहिया वाहनों तथा 1,386 बसों और ट्रकों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है।
 
एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया, ‘‘नए चिन्हित किए गए 38 पार्किंग स्थलों पर 4,723 चारपहिया, 1,311 दुपहिया तथा 148 बसों और ट्रकों को पार्क किया जा सकेगा।’’ उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए इस सप्ताह निविदाएं जारी की जाएंगी।
 
नए पार्किंग स्थलों में सबसे बड़ी सुविधा द्वारका सेक्टर-14 में वेगास मॉल के निकट स्थित एक स्थान पर विकसित की जाएगी, जहां 806 वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी। इसी क्षेत्र में ब्रिटिश सैलून-ककरोला मोड़ से द्वारका मोड़ सर्विस लेन तक स्थित एक अन्य प्रमुख पार्किंग स्थल पर 700 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी।
 
शाहदरा दक्षिण जोन के पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र में चिन्हित कई भूखंडों और सड़क किनारे के हिस्सों को मिलाकर 1,800 से अधिक नए पार्किंग स्थान विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा करोल बाग, रोहिणी, सिटी एसपी, दक्षिण, पश्चिम, मध्य, सिविल लाइंस और केशव पुरम जोन में भी नए पार्किंग स्थलों की पहचान की गई है।
 
अधिकारियों के अनुसार, एमसीडी के सभी जोन में केंद्रीय जोन की पार्किंग क्षमता सबसे अधिक है। यहां 54 पार्किंग स्थलों, जिनमें 27 क्लस्टर पार्किंग सुविधाएं शामिल हैं, पर 23,000 से अधिक वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था है।
 
केशव पुरम जोन में 56 पार्किंग स्थलों पर 9,135 वाहनों तथा शाहदरा उत्तर जोन में 74 पार्किंग स्थलों पर 8,785 वाहनों के लिए पार्किंग की क्षमता है।
 
दक्षिण जोन में 41 पार्किंग स्थलों पर 8,087 वाहनों, करोल बाग जोन में 51 स्थलों पर 7,995 वाहनों, सिटी एसपी जोन में 46 स्थलों पर 6,884 वाहनों, पश्चिम जोन में 29 स्थलों पर 6,803 वाहनों तथा रोहिणी जोन में 11 स्थलों पर 6,492 वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है।