Neral-Karjat rail service affected due to overflowing Ulhas river.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में उल्हास नदी में उफान और पटरियों पर जल जमाव की वजह से नेरल और कर्जत स्टेशन के बीच ट्रेन सेवाएं बुधवार को करीब एक घंटे तक बाधित रहीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि पूर्वाह्न 10.40 बजे से 11.32 बजे के बीच दोनों दिशाओं में किसी भी रेलगाड़ी का परिचालन नहीं हो पाया।
नीला ने बताया कि जलसंग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण उल्हास नदी सुबह 9.30 बजे से ही खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी। उन्होंने बताया कि इसी वजह से रेल पटरियों पर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के मंडल प्रबंधक ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि नेरल और कर्जत स्टेशन के बीच जलजमाव के कारण, इस खंड पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर सेवाएं अगले आदेश तक अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।
उन्होंने पोस्ट में कहा कि रेल सेवाएं जल्द से जल्द बहाल करने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
इससे पहले दिन में, भारी बारिश के कारण नेरल और शेलु स्टेशन के बीच पटरियों के नीचे की गिट्टी बह जाने से मध्य रेलवे नेटवर्क के एक हिस्से पर उपनगरीय रेल सेवाएं देर से चलीं।