आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बुधवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) से जुड़े सभी घोटालों का ‘‘पितामह’’ करार दिया और कहा कि कथित अनियमितताओं का ब्योरा जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।
शिवकुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से कांग्रेस सरकार के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार और विफलताओं को लेकर निकाली जा रही ‘बल्लारी चलो’ पदयात्रा पर भी कटाक्ष किया और इसे गुटबाजी से जूझ रही पार्टी को एकजुट करने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के पास इसका जवाब देने की योजना है।
केपीएससी घोटाले और इस मामले में हुई गिरफ्तारियों से जुड़े सवाल पर शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने अपने गृह मंत्री और अधिकारियों से केपीएससी घोटाले की जांच करने को कहा है। वे इसकी जांच कर रहे हैं। मुझे अभी तक कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। मुझे केवल वही जानकारी है जो मीडिया में आई है। इसमें मेरा हस्तक्षेप करना उचित नहीं होगा।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि अब निलंबित किए गए केपीएससी अध्यक्ष शिवशंकरप्पा एस. साहूकार की नियुक्ति भाजपा सरकार के समय हुई थी।