आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के उम्मीदवार तिरुचि शिवा और जे कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसके अलावा, कांग्रेस उम्मीदवार एम क्रिस्टोफर तिलक और देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) के कोषाध्यक्ष एल के. सुधीश ने भी यहां सचिवालय में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र जमा किए।
द्रमुक के सहयोगी दलों में कांग्रेस और प्रेमलता विजयकांत के नेतृत्व वाली डीएमडीके शामिल हैं। द्रमुक ने अपनी पार्टी के लिए आवंटित चार राज्यसभा सीट में से एक-एक सीट कांग्रेस और डीएमडीके को आवंटित की। डीएमडीके हाल में द्रमुक के गठबंधन में शामिल हुई है।
द्रमुक के अध्यक्ष मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को सभी चार उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल किये जाने के समय उपस्थित थे। राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव 16 मार्च को होंगे।
राज्य विधानसभा में द्रमुक और कांग्रेस के संख्याबल के आधार पर चारों उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है।
शिवा जहां चार बार राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं, वहीं द्रमुक के प्रवक्ता कॉन्स्टेंटाइन, तिलक और सुधीश पहली बार निर्वाचित होंगे।