आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में ऐतिहासिक घंटाघर की इमारत की पहली मंजिल पर संचालित शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को शनिवार को खाली कराकर सील कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई नजूल (सरकारी) भूमि पर कथित रूप से कब्जा करने के मामले में जारी आदेश के बाद की गई।
सदर के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. जनार्दन ने बताया कि सीतापुर नगर पालिका परिषद की ओर से जारी नोटिस में दी गई समय-सीमा समाप्त होने के बाद कार्यालय को खाली कराया गया।
उन्होंने बताया, ‘‘सीतापुर शहर में कांग्रेस कमेटी का कार्यालय आज (शनिवार को) खाली करा लिया गया। यह इमारत नजूल भूमि पर बनी है और नगर पालिका परिषद ने इस संबंध में नोटिस जारी किए थे। नोटिस में दी गई समय-सीमा समाप्त हो चुकी थी।’’
एसडीएम ने बताया कि कांग्रेस की ओर से दिए गए जवाब पर सुनवाई हुई थी और पार्टी इस मामले को लेकर उच्च न्यायालय का रुख भी कर चुकी है लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली।