Naxalism has almost ended in the country, will be completely eradicated by March: Government
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सरकार ने मंगलवार को कहा कि देश में वामपंथी उग्रवाद लगभग-लगभग समाप्त हो गया है और आगामी मार्च महीने तक यह पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में प्रश्नकाल में कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) को परंपरागत तरीके के साथ ही आधुनिक प्रशिक्षण दिया जाता है और इसमें वर्तमान की चुनौतियों और भविष्य को दृष्टिगत रखा जाता है।
उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसद ए कालीसेट्टी के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा, ‘‘इसी प्रशिक्षण का परिणाम है कि देश से वामपंथी उग्रवाद या नक्सलवाद लगभग लगभग समाप्त हो गया है और मार्च तक यह पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।’’
राय ने कहा कि इसी के कारण सरकार को आतंकवाद रोधी कार्रवाइयों में सफलता मिली है, वह आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में सफल हुई है, वहीं उत्तर पूर्व में भी शांति व्याप्त है।
भारत-अमेरिका समझौते के मुद्दे पर नारेबाजी कर रहे कांग्रेस के सदस्यों के हंगामे के बीच राय ने एक अन्य पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि सीएपीएफ में पदोन्नति सतत प्रक्रिया है और इसकी हमेशा समीक्षा की जाती है।