नवी मुंबई हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-07-2026
Navi Mumbai airport resumes international services
Navi Mumbai airport resumes international services

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) से अंतरराष्ट्रीय सेवाओं की बुधवार को शुरुआत हुई। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने हवाई अड्डे से अबू धाबी के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालित की।
 
करीब 100 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान भारतीय समयानुसार देर रात दो बजकर 55 मिनट पर नवी मुंबई हवाई अड्डे से रवाना हुई। करीब ढाई घंटे का सफर तय कर यह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी हवाई अड्डे पर पहुंची।
 
एयर इंडिया एक्सप्रेस अबू धाबी के लिए सप्ताह में तीन उड़ानें संचालित करेगी।
 
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 25 दिसंबर, 2025 को घरेलू सेवाएं शुरू हुई थीं।
 
बोइंग 737 मैक्स-8 विमान से संचालित एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान के रवाना होने से पहले पायलट ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक यात्रा होने वाली है।
 
इस उड़ान के साथ जल्दी खराब होने वाले (पेरिशेबल) उत्पादों की पहली अंतरराष्ट्रीय खेप भी भेजी गई।
 
हवाई अड्डे का विकास कई चरणों में नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एनएमआईएएल) कर रही है। यह एक विशेष इकाई है, जिसमें एएएचएल की 74 प्रतिशत हिस्सेदारी है जबकि शेष हिस्सेदारी सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सिडको) के पास है।