'Naval Shaurya Vatika' inaugurated in Lucknow, warship INS Gomti to be the main attraction
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि भारतीय सेनाओं की स्मृतियों को सहेजने वाली वाटिकाएं और संग्रहालय सेना से आत्मीय रिश्ते को फिर से जीवंत कर लोगों में उसके प्रति कृतज्ञता का भाव उत्पन्न करते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ यहां इकाना स्टेडियम के पास ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का लोकार्पण करने के बाद अपने सम्बोधन में रक्षा मंत्री ने कहा कि यह पार्क कोई साधारण पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणास्थल है और यह शौर्य वाटिका आने वाली पीढ़ियों को यह बताएगी कि आजादी और सुरक्षा की कीमत क्या होती है।
उन्होंने कहा, ‘‘कई लोग यह सोच सकते हैं कि आखिर इस तरह की शौर्य वाटिका का लखनऊ में क्या काम है, लेकिन इस पर हमें सोचने की जरूरत है कि हमारी सीमाओं की हिफाजत करने वाले हमारे सैनिकों का जो बलिदान है, उनका रोज का जो संघर्ष है, उससे हमारा आत्मीय रिश्ता रोजमर्रा की भागदौड़ में पीछे छूट जाता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसे में यह शौर्य वाटिका हमें एक बार रुक कर सोने पर मजबूर करेगी कि जिन लोगों की वजह से हमारी यह सारी जिंदगी सुरक्षित चल रही है, उनका योगदान हमारी जिंदगी में कितना बड़ा है। उनके प्रति हमारी नई पीढ़ी कृतज्ञता का अनुभव करेगी, ऐसा मेरा विश्वास है।''