आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह, अमित शाह एवं नितिन गडकरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बृहस्पतिवार को दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि पाटेकर अपने आप में एक संस्थान थे जिन्होंने कई किरदारों को अमर बना दिया।
अपने शानदार अभिनय और पर्दे पर दमदार मौजूदगी दर्ज कराने वाले पाटेकर का बृहस्पतिवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पाटेकर के निधन की खबर को ‘‘बेहद दुखद और हृदयविदारक’’ बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘अपने सहज और प्रभावशाली अभिनय से उन्होंने हिंदी और मराठी सिनेमा में ऐसी अमिट छाप छोड़ी कि उनके निभाए हर किरदार ने अपनी अलग पहचान के साथ दर्शकों के दिलों में जगह बनाई। उनका अभिनय आने वाले समय में भी सिनेमा प्रेमियों को उनकी याद दिलाता रहेगा।’’
रक्षा मंत्री सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है।’’