आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा में 47,600 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की विकास परियोजनाओं का संयुक्त रूप से शिलान्यास और लोकार्पण किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ऊर्जा, औद्योगिक अवसंरचना, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई जैसे क्षेत्रों से संबंधित इन परियोजनाओं का लोकार्पण ओडिशा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर किया गया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इन योजनाओं का उद्देश्य राज्यभर में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना, कनेक्टिविटी में सुधार लाना, ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा देना तथा रोजगार के अवसर सृजित करना है।
इसके अनुसार, जिन प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई, उनमें 600 मेगावाट की ऊपरी इंद्रावती पंप भंडारण परियोजना तथा आईबी ताप विद्युत संयंत्र के चरण-द्वितीय शामिल हैं, जिसमें दो 660 मेगावाट की इकाइयां होंगी।
झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर में ‘भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड’ परियोजना की आधारशिला भी रखी गई।