Manohar Lal laid the foundation stone of the Indore-Ujjain corridor costing Rs 2,935 crore.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को लगभग 2,935 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंदौर-उज्जैन गलियारे की नींव रखी।
उन्होंने कहा कि चार लेन वाली इस 48 किलोमीटर लंबी सड़क से राज्य के दोनों प्रमुख शहरों के बीच संपर्क बेहतर होगा और विकास को गति मिलेगी।
मनोहर लाल ने इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र में आयोजित भूमिपूजन समारोह में कहा, ‘‘इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से दोनों शहरों के बीच की दूरी कम होगी और उनका रिश्ता और प्रगाढ़ होगा।’’
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 5,657 करोड़ रुपये की मदद भी दी गई जिसमें लाभार्थियों को आवास और स्वरोजगार के लिए प्रदान की गई राशि शामिल है।
मनोहर लाल ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर नरेन्द्र मोदी के पिछले 12 वर्षों के रिकॉर्ड कार्यकाल में देश में आधारभूत ढांचे, जन कल्याण, गरीबी उन्मूलन और अन्य क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन हुए हैं।
उन्होंने कहा कि विभिन्न अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों के अनुसार इस अवधि में देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
भूमिपूजन समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इंदौर-उज्जैन ‘ग्रीनफील्ड कॉरिडोर’ से राज्य में विकास की रफ्तार तेज होगी।
यादव ने कहा कि यह गलियारा इंदौर-पीथमपुर आर्थिक गलियारे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक पहुंच के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराएगा जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।