आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मथुरा जिला प्रशासन ने गोवर्धन में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस महीने के अंत में आयोजित होने वाले इस मेले में 1.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने सभी संबंधित विभागों को 15 जुलाई तक आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
करीब पांच सदियों से चली आ रही परंपरा के तहत आयोजित यह मेला 23 से 30 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के गोवर्धन की ‘सप्तकोसी’ (करीब 21 किलोमीटर की) परिक्रमा लगाने का अनुमान है।
यह मेला चैतन्य महाप्रभु के अनन्य शिष्य जीव गोस्वामी के गोलोक गमन की स्मृति में आयोजित किया जाता है। गुरु पूर्णिमा पर उनके अनुयायी मुंडन कर ‘संकीर्तन’ करते हुए नगर परिक्रमा करते हैं। समय के साथ यह आयोजन विशाल धार्मिक मेले का स्वरूप ले चुका है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु शामिल होते हैं।
मेले की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से की। उन्होंने सभी विभागों को 15 जुलाई तक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।