MP: 25-year-old struggling actor's posthumous organ donation gives new life to four people
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनय की दुनिया में पहचान बनाने का सपना देखने वाले इंदौर के गौरव दवे (25) भले ही अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच सके, लेकिन उनके मरणोपरांत अंगदान ने सोमवार को चार लोगों को नयी जिंदगी की राह दे दी।
अधिकारियों ने बताया कि दवे का हृदय हवाई मार्ग से अहमदाबाद भेजकर वहां के एक रोगी में प्रतिरोपित किया गया, जबकि उनके यकृत और दो गुर्दे इंदौर के मरीजों में लगाये गये।
उन्होंने बताया कि अभिनय के साथ ही ‘कास्टिंग’ (अभिनेता चयन) के क्षेत्र में भी काम कर रहे दवे ‘ब्रेन हेमरेज’ के बाद 13 जुलाई से एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती थे।
अधिकारियों के मुताबिक चिकित्सकों ने जांच के बाद रविवार (26 जुलाई) को उन्हें दिमागी रूप से मृत (ब्रेन डेड) घोषित कर दिया जिसके बाद उनके परिजन अंगदान के लिए सहमत हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि दवे का हृदय एक नियमित उड़ान से अहमदाबाद भेजा गया जहां उसे अस्पताल में भर्ती 28 वर्षीय एक पुरुष के शरीर में प्रतिरोपित किया गया।
उन्होंने बताया कि दवे का यकृत इंदौर के 42 वर्षीय पुरुष में लगाया गया, जबकि दो गुर्दे शहर की 22 वर्षीय महिला और 52 वर्षीय महिला को प्रतिरोपित किए गए।
दवे के दोस्त नरेंद्र राठौर ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि दवे मनोरंजन उद्योग में अभिनेता के रूप में पहचान बनाने का सपना देखते थे और एक तेलुगु फिल्म एवं एक वेब सीरीज में काम भी कर चुके थे।
राठौर के अनुसार उपचार के दौरान जब दवे की हालत में कुछ सुधार हुआ था, तब उन्होंने अपने एक अन्य मित्र से कहा था कि मरने के बाद उनके अंग दान कर दिए जाएं ताकि उनके अंगों से जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सके।