आईआईटी-भिलाई और सेना के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-07-2026
MoU signed between IIT-Bhilai and Army
MoU signed between IIT-Bhilai and Army

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भिलाई ने रक्षा और नयी तकनीक के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और क्षमता निर्माण में सहयोग के लिए भारतीय सेना के जबलपुर स्थित ‘506 आर्मी बेस वर्कशॉप’ के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। संस्थान ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आईआईटी-भिलाई द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह एमओयू बुधवार को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित आईआईटी परिसर में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर राजीव प्रकाश और ‘506 आर्मी बेस वर्कशॉप’ के कमांडर तथा प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर टी.ए. अरविंद की मौजूदगी में किया गया।
 
बयान में कहा गया है कि इस एमओयू का मकसद आपसी सहमति वाले क्षेत्रों में प्राध्यापकों, तकनीकी कर्मचारियों और शोधार्थियों के जरिए अकादमिक और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना है।
 
बयान में कहा गया है कि सहयोग के कुछ संभावित क्षेत्रों में उभरती हुई और रक्षा-संबंधी तकनीक में संयुक्त अनुसंधान एवं विकास परियोजनाएं शामिल हैं। इसमें कहा गया है कि यह एमओयू बड़े पैमाने पर संस्थागत कामकाज को मजबूत करेगा।