Cyber fraud network busted in Agra; 60 people detained after raids at 100 locations
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
देश के 13 राज्यों से प्राप्त शिकायतों के संबंध में पुलिस ने बृहस्पतिवार को आगरा में लगभग 100 स्थानों पर एक साथ छापेमारी करने के बाद एक बड़े साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया। छापेमारी के दौरान 60 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) आदित्य ने कहा कि विभिन्न राज्यों से प्राप्त साइबर धोखाधड़ी से संबंधित 178 शिकायतों के बाद यह अभियान शुरू किया गया।
उन्होंने कहा कि शहर के 13 पुलिस थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई और 60 लोगों को हिरासत में लिया गया।
अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ से पता चला है कि नेटवर्क ने कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग धोखाधड़ी और एटीएम कार्ड स्वैपिंग के माध्यम से पीड़ितों से लगभग 50 करोड़ रुपये की ठगी की है।
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और विस्तृत जांच जारी है।