आईपीएल के अधिकतर कप्तानों ने विवादास्पद इंपैक्ट प्लेयर नियम पर आपत्ति जताई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-03-2026
Most IPL captains object to the controversial impact player rule
Most IPL captains object to the controversial impact player rule

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अधिकतर कप्तानों ने बुधवार को इंपैक्ट प्लेयर नियम पर अपनी आपत्ति दर्ज की जिसको लेकर 2023 में इसके लागू होने के बाद से ही लोगों की अलग-अलग राय है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने 2024 में इंपैक्ट प्लेयर नियम को 2027 तक बढ़ा दिया था। इसके बावजूद इस रणनीतिक नियम पर प्रशंसकों और खिलाड़ियों के बीच समान रूप से बहस जारी है।
 
मुंबई में हुई सभी 10 आईपीएल टीमों के कप्तानों की बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की गई।
 
आईपीएल के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘अधिकांश कप्तानों ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर अपने विचार रखे और अपनी आपत्तियां व्यक्त कीं, हालांकि बीसीसीआई ने इस नियम को 2027 तक बढ़ा दिया है। उन्हें बताया गया कि इसकी समीक्षा केवल आईपीएल 2027 के बाद ही की जा सकती है, उससे पहले नहीं।’’
 
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने इस सप्ताह की शुरुआत में इंपैक्ट प्लेयर नियम की आलोचना की थी। रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी पहले ही इसके खिलाफ अपनी आवाज उठा चुके हैं।
 
अक्षर ने कहा था, ‘‘मुझे यह नियम पसंद नहीं है क्योंकि मैं खुद एक ऑलराउंडर हूं। पहले हम इस भूमिका (बल्लेबाजी और गेंदबाजी) के लिए ऑलराउंडरों को चुनते थे। अब टीम प्रबंधन किसी विशेषज्ञ बल्लेबाज या गेंदबाज को चुनता है। उनका कहना है कि हमें अब ऑलराउंडर की क्या जरूरत है।’’
 
उन्होंने कहा था, ‘‘एक ऑलराउंडर होने के नाते मुझे यह पसंद नहीं है, लेकिन नियम तो नियम होते हैं। हमें उनका पालन करना ही होगा। लेकिन निजी तौर पर आप मुझसे पूछे तो मुझे यह नियम पसंद नहीं है।’’