आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख पर कटाक्ष करते हुए बुधवार को कहा कि दिल्ली में सिर्फ एक ही 'महल' है और वो अरविंद केजरीवाल का 'शीशमहल' है, जबकि बाकी लोग 'धर्मशालाओं' में रहते हैं।
गुप्ता ने यह कटाक्ष पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल के कार्यकाल के दौरान उनके आधिरकारिक आवास के नवीनीकरण पर कथित रूप से अधिक पैसा खर्च किए जाने को लेकर किया।
दिल्ली विधानसभा में कैग ऑडिट रिपोर्ट पर हुई चर्चा में 'धुरंदर' फिल्म के सिनेमाई संदर्भों का इस्तेमाल किया गया और केजरीवाल की तुलना 'रहमान डकैत' से की गई और उनके पूर्व आधिकारिक आवास में लगी वस्तुओं का भी जिक्र किया गया।
इस मामले पर आप की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। यह चर्चा तब हुई जब विधानसभा में कोई भी आप विधायक मौजूद नहीं था।
गुप्ता ने चर्चा के दौरान कहा, "शीश महल का दौरा करने के बाद मुझे ऐसा लगा जैसे मैं तो किसी धर्मशाला में रहती हूं। शहर में केवल एक ही महल है, जबकि बाकी लोग धर्मशालाओं में रहते हैं। जब दिल्ली में कोविड के कारण लोग मर रहे थे, तब वह (केजरीवाल) अपना शीश महल बनवाने में व्यस्त थे।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि घर के जीर्णोद्धार के एक ही काम के लिए छह अलग-अलग सलाहकारों को नियुक्त किया गया था, और उन्हें बिना निविदा प्रक्रिया के निजी तौर पर करोड़ों रुपये दिए गए थे।
उन्होंने सिफारिश की कि कैग की रिपोर्ट को आगे की जांच के लिए दिल्ली विधानसभा की लोक लेखा समिति को भेजा जाए।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री परवेश साहिब सिंह वर्मा ने बंगले के अंदर मौजूद वस्तुओं की सूची पढ़ी, जो कागज पर हाथ से लिखी हुई थी, जिसे भाजपा विधायकों ने विपक्ष की दीर्घा की ओर लहराया।