आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को नरेन्द्र मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में 25 वर्ष के सफर को लगातार संघर्ष से भरा ‘‘अविस्मरणीय’’ अध्याय बताया और उन्हें देश का ऐसा पहला प्रधानमंत्री करार दिया, जिन्हें सीधे जनादेश के जरिए चुना गया।
नवीन ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को प्रधानमंत्री बनने से पहले कांग्रेस के नेताओं ने चुना था। इसी तरह इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को भी प्रधानमंत्री पद के लिए कांग्रेस नेतृत्व ने चुना था।
नवीन ने कहा, ‘‘2014 का आम चुनाव पहली बार ऐसा अवसर था, जब प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को केवल किसी पार्टी के चेहरे के रूप में पेश नहीं किया गया और न ही केवल पार्टी द्वारा नामित किया गया, बल्कि उन्हें सीधे जनता के सामने चुनाव अभियान के प्रमुख चेहरे के रूप में पेश किया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने, जिन्हें मतदाताओं के सीधे जनादेश के माध्यम से चुना गया।’’
नवीन ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने अपनी पुस्तक में 2014 के लोकसभा चुनाव को ‘‘बड़ा राजनीतिक बदलाव’’ बताया था।