आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के लोगों को ‘पश्चिमबंग दिवस’ की बधाई दी और कहा कि केंद्र सरकार उनके सपनों और उम्मीदों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।
राज्य की नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने 20 जून को 'पश्चिमबंग दिवस' मनाने का फ़ैसला किया है।
बंगाल विधानसभा ने 20 जून 1947 को एक अलग राज्य बनाने के पक्ष में मतदान किया था, जो बाद में बंटवारे के बाद पश्चिम बंगाल बना।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पश्चिमबंग दिवस पर पश्चिम बंगाल के मेरे भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं। केंद्र सरकार, पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर लोगों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए काम करेगी। मैं पश्चिम बंगाल की तरक्की और वहां के लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना करता हूं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन उस राज्य का जश्न मनाने का है जिसने साहित्य, संगीत, कला, आध्यात्मिकता, विज्ञान, व्यापार और वाणिज्य, समाज सुधार और अन्य कई क्षेत्रों में अपने योगदान से भारत के इतिहास को आकार दिया ।
मोदी ने कहा, ‘‘आज 20 जून का दिन पश्चिम बंगाल के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण है। इसी दिन यह सुनिश्चित हुआ था कि पश्चिम बंगाल भारत का अभिन्न अंग बना रहे। इसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमिका अहम थी। इस साल हम डॉ. मुखर्जी की 125वीं जयंती भी मना रहे हैं।’’
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार से पश्चिम बंगाल के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पश्चिमबंग दिवस समारोह में शामिल होंगे, कोलकाता से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे और देश में बने तीन नौसैनिक जहाजों को सेवा में शामिल करेंगे।
पड़ोसी राज्य ओडिशा से आने के बाद, मोदी दोपहर में हुगली ज़िले के तारकेश्वर में राज्य-स्तरीय 'पश्चिमबंग दिवस' समारोह में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्र-निर्माण में बंगाल के ऐतिहासिक योगदान और उसकी सांस्कृतिक विरासत को दिखाया जाएगा।