मोदी का सीईसीए जल्द पूरा करने का आह्वान,ऑस्ट्रेलियाई कारोबारियों को निवेश का आमंत्रण

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-07-2026
Modi calls for early completion of CECA, invites Australian businesses to invest
Modi calls for early completion of CECA, invites Australian businesses to invest

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाने का बृहस्पतिवार को आह्वान करते हुए ऑस्ट्रेलियाई कारोबारियों से भारत में निवेश बढ़ाने और प्रस्तावित सीईसीए को शीघ्र अंतिम रूप देने की अपील की।
 
मोदी ने मेलबर्न में ‘ऑस्ट्रेलिया-इंडिया सीईओ फोरम’ और ‘इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
 
उन्होंने इन कार्यक्रमों को अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ संयुक्त रूप से संबोधित किया।
 
भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, इन कार्यक्रमों में भारत और ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) और उद्योग जगत के दिग्ग्जों ने हिस्सा लिया।
 
सीईओ फोरम को संबोधित करने के बाद मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ 2023 से इस फोरम ने उल्लेखनीय गति हासिल की है, जो हमारी आर्थिक साझेदारी में बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। इस संवाद में शामिल होने और हमारे आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के अपने दृष्टिकोण को साझा करने के लिए मैं प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज का आभार व्यक्त करता हूं।’’