आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली के रोहिणी इलाके में निर्माणाधीन इमारत ढहने के बाद बुधवार रातभर चले बचाव अभियान के दौरान मलबे से दो और शव बरामद किए गए और इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस हादसे में एक मजदूर घायल हुआ है। हालांकि, प्राथमिकी के विस्तृत विवरण की तुरंत जानकारी नहीं मिल सकी है।
बुधवार शाम भारी बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढहने के बाद शुरू किया गया बचाव अभियान अब समाप्त हो गया है।
पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) शशांक जायसवाल ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘‘अभियान के दौरान एक मजदूर को मलबे से जीवित निकाला गया है और उसकी पहचान सद्दाम उर्फ रवि (32) के रूप में हुई है। वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।’’
उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान तीन शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान स्थानीय दर्जी राम (42), मजदूर काफे उर्फ नुरुल (24) और राम दुआ (62) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि राम दुआ इमारत के मालिक के पिता हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि राम दुआ को अस्पताल ले जाया गया था जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अन्य दो शवों को लंबे समय तक चले तलाश अभियान के बाद मलबे से बाहर निकाला गया।
बयान में कहा गया है कि बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है। हालांकि, मलबा हटाने का काम जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे में कोई और तो नहीं फंसा है।
जायसवाल ने कहा कि इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इमारत ढहने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।