केंद्र ने केरल के लिए 2,039 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी : मंत्री बशीर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-07-2026
Centre approves projects worth Rs 2,039 crore for Kerala: Minister Basheer
Centre approves projects worth Rs 2,039 crore for Kerala: Minister Basheer

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केरल के लोक निर्माण मंत्री पी के बशीर ने घोषणा की है कि नयी दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ उनकी पहली बैठक के बाद केंद्र ने राज्य के लिए 2,039 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है।
 
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री बशीर ने सोशल मीडिया मंच 'फेसबुक' पर एक पोस्ट में कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं में 49 करोड़ रुपये की लागत से वायनाड जिले के पेरिक्कल्लूर को कर्नाटक के बैराकुप्पे से जोड़ने के लिए कबानी नदी पर पुल का निर्माण किया जाएगा।
 
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-744 से जुड़े कार्यों के लिए 98.40 करोड़ रुपये, पलक्कड़ में रामनाट्टुकारा से चंद्रनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-966 के लिए 172 करोड़ रुपये तथा कझाक्कूट्टम से बलरामपुरम तक पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के हिस्से के लिए 66 करोड़ रुपये की भी मंजूरी दी है।
 
बशीर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने शबरिमला, मुन्नार और वायनाड में रोपवे परियोजनाओं को भी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
 
मंत्री ने कहा कि गडकरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को रामनाट्टुकारा से कोझिकोड हवाई अड्डे तक प्रस्तावित एलिवेटेड हाईवे के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।