मोदी और अल्बानीज़ ने भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग का रोडमैप जारी किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-07-2026
Modi and Albanese release roadmap for India-Australia sports cooperation
Modi and Albanese release roadmap for India-Australia sports cooperation

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बानीज ने शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेलों के क्षेत्र में सहयोग का ‘रोडमैप’ जारी किया।
 
विदेश मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘यह रोडमैप खेल प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के विकास, खेल विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा खेल उद्योग और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देगा।’’
 
इस सहयोग के उल्लेखनीय पहलुओं में से एक आगामी बिग बैश लीग (बीबीएल) के उद्घाटन मैच की घोषणा थी, जो चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। यह मैच मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच होगा।
 
ऑस्ट्रेलियाई सरकार की विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मेलबर्न में मुलाकात की और घोषणा की कि ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बिग बैश लीग का पहला मैच इस वर्ष दिसंबर में चेन्नई में खेला जाएगा। यह भारत में खेला जाने वाला पहला विदेशी क्रिकेट लीग मैच होगा।’’
 
इसमें कहा गया है, ‘‘यह मैच दिसंबर में पूरे भारत में आयोजित किए जाने वाले ‘गुड डे नमस्ते’ नामक सप्ताह भर चलने वाले उत्सव का मुख्य आकर्षण होगा। इस उत्सव में ऑस्ट्रेलियाई सांस्कृतिक, व्यावसायिक और खेल आयोजन शामिल होंगे।’’