घरेलू धरती पर वनडे विश्व कप जीतकर क्रिकेट को अलविदा कहना चाहते हैं मिलर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-08-2026
Miller wants to bid adieu to cricket by winning the ODI World Cup on home soil
Miller wants to bid adieu to cricket by winning the ODI World Cup on home soil

 

 आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
 दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज डेविड मिलर अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को जीतकर अपने करियर का शानदार अंत करना चाहते हैं और उन्हें उम्मीद है कि उनकी टीम घरेलू प्रशंसकों के सामने यह उपलब्धि हासिल करने में सफल रहेगी।

यह टूर्नामेंट अगले साल अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाएगा।
 
आईपीएल सहित कई घरेलू फ्रेंचाइजी लीग में खेल चुके 37 वर्षीय मिलर ने यह भी कहा कि उन्हें मध्य क्रम के बल्लेबाज के रूप में अपनी भूमिका पर गर्व है।
 
सीमित ओवरों के क्रिकेट के विशेषज्ञ मिलर ने जिओ स्टार से कहा, ‘‘मैं 2027 विश्व कप के लिए बहुत उत्सुक हूं। मेरे लिए, यह एक ऐसा लक्ष्य है जिसे मैं हासिल करना चाहता हूं। मैं अपने करियर के आखिर में एक ट्रॉफी जीतना चाहता हूं।’’
 
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से 178 वनडे खेल चुके मिलर ने कहा, ‘‘इसलिए, मेरे लिए यह एक लक्ष्य है कि मैं उस विश्व कप टीम का हिस्सा बनना चाहूंगा। यह ऐसी चीज नहीं है जिसकी कोई गारंटी हो, इसलिए मैं टीम में अपनी जगह बनाए रखने और अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने पर ध्यान केंद्रित करूंगा।’’