ठाणे में एटीएस अधिकारी बनकर व्यक्ति ने सामाजिक कार्यकर्ता से 2.5 लाख रुपये ठगे, मामला दर्ज

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 02-11-2026
Man posing as ATS officer dupes social activist of Rs 2.5 lakh in Thane, case registered
Man posing as ATS officer dupes social activist of Rs 2.5 lakh in Thane, case registered

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) का अधिकारी बनकर एक सामाजिक कार्यकर्ता को कथित तौर पर डराने-धमकाने और उससे 2.5 लाख रुपये की ठगी करने के संबंध में पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
 
पुलिस अधिकारी के अनुसार, उल्हासनगर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता मुरलीधर हरपालदास मखीजा ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्हें मार्च में एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान एटीएस, पुणे के अधिकारी प्रमोद मिश्रा के रूप में बताई थी।
 
शिकायत के मुताबिक, कॉल करने वाले ने मखीजा पर पाकिस्तानी मुखबिर होने और आतंकवाद से जुड़े होने का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि उनके (शिकायतकर्ता) खाते में तीन करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन पाए गए हैं।
 
साथ ही, उन्हें बताया गया कि लखनऊ की एक अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। इसके बाद उन्हें वीडियो कॉल पर बार-बार परेशान किया गया और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ जाने के लिए दबाव डाला गया।