आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे मुद्दों पर ‘ओछी राजनीति’ करने का आरोप लगाया और कहा कि बड़ी संख्या में युवा रोजगार के अवसरों के लिए ‘पलायन’ कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु, पार्टी की युवा शाखा द्वारा आयोजित एक रैली में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
रैली में बंगाल के युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों की मांग की गई।
अधिकारी ने कहा, “यह रैली हजारों युवाओं के लिए स्थायी सरकारी नौकरियों की मांग को लेकर चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है। इस रैली में भाग लेने वाले सभी लोग मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे। मैं उनकी मांग का समर्थन करने के लिए यहां हूं।”
कोलकाता के अलीपुर स्थित राष्ट्रीय पुस्तकालय के द्वार के सामने सैकड़ों प्रदर्शनकारी जमा हुए और उन्होंने “नियोग चाई, भाजपा ताई” ( भर्ती हमारी मांग, हमें भाजपा चाहिए) जैसे नारे लगाए।
अधिकारी ने एसआईआर जैसे मुद्दों को लेकर बनर्जी पर “ओछी राजनीति” का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारी बैंक बनाने और नामांकित लोगों को 1,500 रुपये देने की घोषणा की थी लेकिन “पहले दो बार भुगतान करने के बाद इसे रद्द कर दिया गया।”