आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हरियाणा सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त समेत भारतीय पुलिस सेवा (आईएपीएस) के 17 और हरियाणा पुलिस सेवा (एचपीएस) के तीन अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
हरियाणा सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सिबाश कविराज को गुरुग्राम का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है जो विकास अरोड़ा की जगह लेंगे।
जुलाई 2024 से इस पद पर कार्यरत अरोड़ा को अब अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) पंचकूला के पद पर नियुक्त किया गया है।
वर्ष 1999 बैच के आईपीएस अधिकारी कविराज इससे पहले पंचकूला में पुलिस आयुक्त थे और साथ ही साइबर एवं राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।
तबादले के आदेश हरियाणा सरकार के गृह विभाग ने रविवार रात जारी किए।
करनाल रेंज के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एम. रवि किरण को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो का एडीजीपी नियुक्त किया गया है। इस पद पर वह चारु बाली की जगह लेंगे। गुरुग्राम के भोंडसी स्थित भर्ती प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी) के एडीजीपी का प्रभार भी संभाल रहीं बाली भोंडसी पुलिस परिसर के एडीजीपी के पद पर तैनात होंगी।
हिसार रेंज के एडीजीपी के.के. राव को भोंडसी स्थित आरटीसी का एडीजीपी नियुक्त किया है।
पंचकूला स्थित राज्य अपराध शाखा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) राकेश कुमार आर्य को अपराध शाखा (मुख्यालय) का आईजीपी नियुक्त किया है। वह इस पद पर संजय कुमार की जगह लेंगे।