आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिमी नेपाल में बुधवार तड़के 4.2 तीव्रता का भूकंप आया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र (एनईएमआरसी) के अनुसार, सुबह 4:40 बजे (स्थानीय समयानुसार) आए इस भूकंप का केंद्र सुदूरपश्चिम प्रांत के बाजहांग जिले के कोटदेवाल के आसपास था। यह स्थान काठमांडू से करीब 900 किलोमीटर दूर पश्चिम में स्थित है।
यह भूकंप पड़ोसी बाजुरा और दार्चुला जिलों में भी महसूस किया गया।
अभी तक इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
पिछले सप्ताह पश्चिमी नेपाल के लुंबिनी प्रांत के रुकुम पूर्व जिले में पांच तीव्रता का भूकंप आया था।
नेपाल में अक्सर भूकंप आते हैं। यह हिमालयी देश दुनिया के सबसे सक्रिय टेक्टोनिक क्षेत्रों (भूकंपीय क्षेत्र चार और पांच) में से एक पर स्थित है, जिसके कारण यह भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है।