आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक 2026 में संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहने वाले दो छात्रों में से एक लुधियाना निवासी आर्यन गुप्ता ने वरीयता सूची में अव्वल रहने पर खुशी जताई और कहा कि वह कैंसर रोग विशेषज्ञ बनना चाहते हैं।
हरियाणा के पांशुल बंसल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल करने वाले गुप्ता (जिन्होंने 720 में से 715 अंक प्राप्त किए) ने बृहस्पतिवार को अपनी तैयारी के दौरान मिले अटूट सहयोग के लिए अपने माता-पिता को श्रेय दिया और बताया कि वे दिन में लगभग 16-17 घंटे पढ़ाई करते थे।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि इस साल कुल 11.21 लाख उम्मीदवार पुन: परीक्षा में सफल हुए हैं।
एजेंसी के मुताबिक, 690 से ज्यादा स्कोर करने वाले 138 उम्मीदवारों में से 93 प्रतिशत से अधिक पहली बार नीट-स्नातक परीक्षा में शामिल हुए थे, जबकि 19 उम्मीदवारों ने 700 स्कोर किया।
एनटीए के अनुसार, कुल 1,492 उम्मीदवारों ने 650 या उससे ज्यादा अंक हासिल किए, जबकि 10,160 उम्मीदवारों ने 600 या उससे ज्यादा अंक प्राप्त किए।